चंडीगढ़: पंजाब भाजपा के युवा महासचिव बरिंदर सिंह संधू ने हाल ही में केंद्र सरकार की ओर से लाए गए कृषि कानूनों के विरोध में शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। राज्य में इस महीने अपने पद से इस्तीफा देने वाले वह तीसरे प्रमुख नेता बन गए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा को लिखे पत्र में, संधू ने कहा कि किसान यूनियन, आढ़ती, छोटे व्यापारी, मजदूर केंद्र द्वारा पारित कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, "इस स्थिति को देखते हुए, मैं भाजपा पंजाब युवा महासचिव और पार्टी से इस्तीफा देता हूं।"
संधू ने कहा कि उन्होंने कृषि कानूनों के विरुद्ध अपनी आवाज उठाई, लेकिन उसे दरकिनार कर दिया गया।
इससे पहले पार्टी के महासचिव और कोर कमेटी के सदस्य मलविंदर कांग और राज्य किसान मोर्चा के प्रमुख तरलोचन सिंह गिल ने कृषि कानूनों के विरोध में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
--आईएएनएस
आरएचए/एसजीके